अकादमिक स्टाफ कॉलेज

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में अकादमिक स्टाफ कालेज की
स्थापना वर्ष 1989 में हुई थी। यह कॉलेज शिक्षकों के ज्ञान और दक्षता को बढ़ाने वाला
भारत का एक प्रमुख संस्थान है। यह प्रत्येक वर्ष पूरे भारत और विदेशों के लगभग 600
प्रतिभागी शिक्षकों को विश्व स्तर की शिक्षा प्रदान करता है। जेएनयू के शिक्षकों के
अतिरिक्त, दिल्ली और दिल्ली से बाहर के प्रतिष्ठित संस्थानों और संगठनों के
विशेषज्ञों को इन कार्यक्रमों में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया जाता है।
उच्च शिक्षा संस्थानों के सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष लघु पाठ्यक्रम चलाने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने पूरे भारत में 45 अकादमिक स्टाफ कॉलेजों की स्थापना
की थी। अकादमिक स्टाफ कॉलेज दो प्रकार के पाठ्यक्रम चलाता है। विश्वविद्यालय का यह
कॉलेज राजनीति विज्ञान, अन्तरराष्ट्रीय संबंध, अर्थशास्त्र, इतिहास, कंप्यूटर
विज्ञान, समाज-शास्त्र, जीवन विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, भौतिक विज्ञान और
जैव-प्रौद्योगिकी विषयों में पुनश्चर्या पाठ्यक्रम आयोजित करता है; तथा सामाजिक और
प्राकृतिक विज्ञानों में अनुशीलन पाठ्यक्रमों का आयोजन करता है।
अकादमिक स्टाफ कॉलेज का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय और कालेज-शिक्षकों को उनके
सम्पूर्ण बौद्धिक विकास के अतिरिक्त विषयात्मक वाद-विवाद और भाषण की कला से परिचित
कराना है। इससे उन्हें विषयात्मक बिंदुओं तथा समसामयिक संगत सामाजिक सरोकारों पर
सोचने और उनको प्रतिबिम्बित करने की क्षमता अर्जित करने की प्रेरणा भी मिलती है।
पुनश्चर्या पाठ्यक्रमों का आयोजन उन शिक्षकों के लिए होता है,
जिन्होंने कम से कम 5 वर्ष का शिक्षण अनुभव प्राप्त कर लिया है अथवा जो अनुशीलन
पाठ्यक्रम कर चुके हैं और अच्छे शिक्षण तथा शोध हेतु अपने ज्ञान को अद्यतन करना
चाहते हैं।
अनुशीलन पाठ्यक्रमों का आयोजन उन शिक्षकों के लिए किया जाता है,
जिनके पास 8 वर्ष से कम का शिक्षण अनुभव है। इन पाठ्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य
प्रतिभागियों को उन सामाजिक और ऐतिहासिक संदर्भों वाली चुनौतियों के बारे में
जानकारी देना है, जिनका आज की भारतीय उच्च शिक्षा सामना कर रही है।
प्रतिभागियों को अच्छे शिक्षक बनाने हेतु उनकी समझ और दक्षता को
बढ़ाया जाता है। बहुविषयात्मक दॄष्टिकोण पर बल दिया जाता है तथा शिक्षण संस्थाओं और
भारतीय समाज के बीच के संबंधों को बढ़ाने पर बल दिया जाता है। प्रतिभागियों को खाने
और रहने की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
सभी पाठ्यक्रमों के प्रतिभागियों को कंप्यूटर और इंटरनेट के
प्रयोग के बारे में जानकारी दी जाती है। कालेज का एक वेब पेज भी है http://www.jnu.ac.in/ASC/default.htm
केंद्र के शिक्षक हैं :
| निदेशक |
उपनिदेशक |
| 1. रूपमंजरी घोष |
1. राकेश बटबयॉल |